उत्तराखंड

त्योहारों पर नहीं मिलेगी छुट्टी! कुंभ के काम प्रभावित होने की चिंता, प्रशासन ने सभी श्रमिकों की छुट्टियां की रद्द

आगामी त्योहारी सीजन में निर्माण कार्यों में लगे श्रमिकों के छुट्टी पर जाने से कुंभ मेले की तैयारियां प्रभावित होने की आशंका है. इसे देखते हुए गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप ने चिंता जताते हुए अधिकारियों को श्रमिकों की वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की कमी के कारण निर्माण कार्यों की रफ्तार धीमी नहीं पड़नी चाहिए. इसके साथ ही गंग नहर की प्रस्तावित बंदी के दौरान घाटों के निर्माण कार्य तेजी से पूरे करने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और दिन रात काम कराने पर जोर दिया.

20 अक्टूबर दशहरे वाले दिन यूपी सिंचाई विभाग की ओर से गंगनहर बंद की जाएगी और दिवाली वाले दिन फिर से पानी छोड़ा जाएगा. बता दें कि शुक्रवार शाम मेला नियंत्रण भवन के सीसीआर सभागार में गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में कुंभ मेले की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक हुई. इसमें विभिन्न विभागों के निर्माण कार्यों की प्रगति और आगामी योजनाओं की समीक्षा की गई.

वहीं मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ की तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए निर्माण स्थलों पर श्रमिकों और संसाधनों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं. कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा की जा रही है और तैयारियों को काउंटडाउन मोड में आगे बढ़ाया जा रहा है. गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने कहा कि कुंभ के लिए चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाने जरूरी हैं. इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं श्रमिकों, मशीनरी और निर्माण सामग्री की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करें.

आगामी त्योहारों के दौरान श्रमिकों के अपने घर जाने से निर्माण कार्य प्रभावित होने की आशंका पर विशेष चर्चा हुई. उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यदायी संस्थाएं पहले से ही श्रमिकों की उपलब्धता का आकलन कर लें. जरूरत के अनुसार अतिरिक्त श्रमिकों की व्यवस्था की जाए, ताकि त्योहारों के दौरान भी निर्माण कार्यों की गति बनी रहे. उन्होंने कहा कि सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण में किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए. सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करते हुए निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का समय रहते समाधान करें.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button