उत्तराखंड

हरिद्वार जिले में खाले में मिला युवक का शव, एक साथी हिरासत में तो दूसरा फरार

खानपुर थाना क्षेत्र के न्यामतपुर गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव पानी से भरे खाले में मिलने से हड़कंप मच गया. सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत अन्य कार्रवाई के लिए भेज दिया है. मामले में युवक के साथ गए दो साथियों में से एक को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. जबकि, दूसरा युवक अभी फरार बताया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, न्यामतपुर गांव का उदित पुत्र रणवीर सिंह (उम्र 22 वर्ष) गांव के ही दो युवकों के साथ पास में बह रहे खाले (पानी के स्रोत) की ओर गया था. कुछ देर बाद गांव के बच्चों ने सूचना दी कि उदित का शव पानी में पड़ा हुआ है. सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे. जिसके बाद युवक की तलाश शुरू की.

ग्रामीण अरुण चौधरी, पंकज चौधरी, परमेश और अशोक कुमार ने बताया कि पहले खेतों में उसकी तलाश की गई, लेकिन करीब 6 घंटे बाद उसका शव पानी से बरामद हुआ. ग्रामीण आनन-फानन में उदित को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

लक्सर क्षेत्र में आए दिन दुर्घटनाएं हो रही है. जिसमें युवाओं की मौत हो रही है. अभी कुछ दिन पहले भी बादशाहपुर निवासी सौरभ (उम्र 28 वर्ष) और पुरुषोत्तम नगर (पथरी) निवासी राजू (उम्र 25 वर्ष) अपनी-अपनी बाइक से हरिद्वार-लक्सर मार्ग पर जा रहे थे. कटारपुर स्थित पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.

टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की सूचना मिलते ही पथरी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए. स्थानीय लोगों का कहना था कि टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े. बताया जा रहा है कि मृतक राजू इन दिनों कांवड़ मेले में प्राइवेट ड्यूटी पर तैनात था.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button