उत्तराखंड

डोईवाला में चलती कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

देहरादून रोड पर मंगलवार शाम एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. जौलीग्रांट से देहरादून जा रहे युवक की चलती कार में मणिमाई मंदिर से 200 मीटर आगे अचानक आग लग गई. चालक की सूझबूझ से जान बच गई, वरना हादसा भयावह हो सकता था.

मंगलवार शाम करीब 7:30 बजे हिमांशु जोशी पुत्र नरेश चंद्र जोशी, निवासी डालनवाला, देहरादून अपनी कार से जौलीग्रांट से घर लौट रहे थे. जैसे ही कार मणिमाई मंदिर से लगभग 200 मीटर आगे देहरादून रोड पर पहुंची, अचानक कार के अगले हिस्से से धुआं और लपटें उठने लगीं. कार में उस समय हिमांशु अकेले थे. उन्होंने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए कार रोकी और कूदकर बाहर निकल आए. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और कार का अगला हिस्सा धू-धू कर जलने लगा.

घटना की सूचना शाम 7:34 बजे पुलिस को मिली. सूचना पर हेड कांस्टेबल दिनेश रावत एवं हेड कांस्टेबल जसपाल पंवार तत्काल मौके के लिए रवाना हुए और महज 11 मिनट में शाम 7:45 बजे घटनास्थल पर पहुंच गए. सूचना पर दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक कार का अगला हिस्सा पूरी तरह जलकर खाक हो चुका था.

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण तकनीकी खराबी माना जा रहा है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई. हिमांशु जोशी सुरक्षित हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि गर्मी और बारिश के मौसम में गाड़ी की नियमित सर्विस कराएं और कार में फायर एक्सटिंग्विशर जरूर रखें.





Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button