उत्तराखंड

कैंची धाम के पास भीषण सड़क हादसा, पिकअप वाहन खाई में गिरा, रुद्रपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली से बाइक सवार की मौत

उत्तराखंड के नैनीताल जिले के बड़ी खबर सामने आई है. कैंचीधाम के पास देर रात बड़ा सड़क हादसा हुआ. दूध लेकर लालकुआं से जा रही पिकअप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरीय हादसे में पिकअप सवार तीन लोग घायल हो गए. वहीं उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर में भी बाइक सवार व्यक्ति को ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी. इस हादसे में भी बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई.

नैनीताल हादसा: जानकारी के मुताबिक लालकुआं से दूध लेकर जा रही पिकअप वाहन संख्या UK04 CC 3465 अचानक बेकाबू होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी. हादसा रात करीब दो बजे कैंचीधाम मंदिर के पास हुआ. दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. हादसे की सूचना पर मिलते ही पुलिस और SDRF की टीम मौके पर पहुंची.

सूचना मिलते ही उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई और घटना स्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. इस हादसे में 33 वर्षीय अंकित सिंह, बॉबी और 10 वर्षीय मोहम्मद साकिब घायल हुए हैं. तीनों घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से भवाली अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया है. फिलहाल हादसा किस वजह से हुआ, इसकी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है. माना जा रहा है कि रात के समय वाहन बेकाबू होने के चलते यह दुर्घटना हुई. पुलिस और राहत टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है.

रुद्रपुर में सड़क हादसा: दूसरा हादसा उधम सिंह नगर जिला मुख्यालय रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में हुआ. बाइक से जा रहे 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार को पीछे से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी. हादसा इतना गंभीर था कि रामकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि टक्कर के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. रामकिशोर पिछले करीब 25 वर्षों से रुद्रपुर में रह रहे थे और गल्ला मंडी की भगवती एंटरप्राइजेज में लंबे समय से मुंशी के रूप में काम करते थे. हादसा छह अक्टूबर सुबह करीब 10:15 बजे हुआ.

रुद्रपुर गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि रामकिशोर लंबे समय से मंडी से जुड़े हुए थे. वहीं भगवती एंटरप्राइजेज से जुड़े दीपक ने बताया कि हादसे की जानकारी मिलने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया गया, लेकिन डॉक्टरों ने रामकिशोर को मृत घोषित कर दिया. उन्होंने कहा कि हादसे के लिए जिम्मेदार ट्रैक्टर-ट्रॉली के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए.

वहीं ट्रांजिट कैंप कोतवाल मुकेश मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस हादसे की जांच में जुटी है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button